सेक्टर-16 के रहने वाले अभिषेक ने दी पुलिस को शिकायत
9 नवंबर से 29 दिसंबर के दौरान ठगी का आरोप
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1.12 करोड़ रुपये ठग लिए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि 9 नवंबर से 29 दिसंबर के दौरान उनसे निवेश तो करा लिया गया लेकिन रिफंड नहीं दिया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-16 के रहने वाले अभिषेक चंद्रा ने दी है और वो त्वचा के डाक्टर हैं। आरोप है कि 29 अक्तूबर को व्हाट्सएप के जरिये ठगों ने उनसे संपर्क किया। मैसेज में शेयर बाजार व आईपीओ में एक्सपर्ट की गाइडेंस में निवेश करने को लिखा था। एक महिला का नंबर देकर उन्हें सेबी रजिस्टर्ड ब्रोकर कंपनी की अधिकृत कर्मी बता गया था। कंपनी का ऑफिस दिल्ली के झंडेवालान एक्सटेंशन में बताया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार 9 नवंबर को उन्होंने कहा कि उन्हें ट्रेडिंग की जानकारी नहीं है तो महिला ने कहा कि वो गाइड करेगी। उन्होंने इंस्टीट्यूशनल स्टॉक, ओटीसी व आईपीओ में अपनी मोबाइल एप के जरिये निवेश कराया। इसके लिए डिमेट खाता जरूरी न होने की बात उन्होंने कही। शिकायतकर्ता ने झांसे में आकर 11256000 रुपये निवेश कर दिए। ये निवेश लोन लेकर व एफडी तोड़कर किया गया। बाद में जब रिफंड के लिए कहा तो उनसे अलग-अलग चार्ज के नाम पर रुपये मांगे गए। ऐसा न करने पर इनकी निवेश रकम ब्लॉक कर दी गई। शिकायतकर्ता जब दिल्ली में बताए गए कंपनी के ऑफिस पर पहुंचे तो पता चला कि ये एप कंपनी की नहीं है और वे दस्तावेज भी कंपनी के नहीं पाए गए। शिकायतकर्ता सेबी ऑफिस गए तो उन्हें साइबर सेल को शिकायत देने को कहा गया। तब मामला पुलिस तक पहुंचा। इस पर अब साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।