फरीदाबाद। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की ओर से जिले में बिजली चोरों की धरपकड़ लगातार जारी है। इसी कड़ी में पिछले दिनों एनआईटी चार सब डिवीजन में 12 बिजली चोरी पकड़ी गई है। इसमें सबसे अधिक मुख्य लाइन पर कुंडी डालकर बिजली चोरी के मामले पकड़े गए हैं। विभाग ने इन पर 5.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
बिजली विभाग के एसडीओ ने बताया कि एक माह में 12 बिजली चोरी के मामले पकड़े हैं। इनमें 40 प्रतिशत लोगों के पास मीटर नहीं है। कार्यकारी अभियंता कुलदीप अत्री ने कहा कि बिल से बचने के लिए लोग चोरी से बिजली जलाते हैं, जबकि 60 प्रतिशत लोग ऐसे है जिनके मीटर लगे हुए है। विभाग बिजली चोरों के खिलाफ काफी सख्त है। पिछले दिनों चलाए गए छापेमारी अभियान में 12 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई है। कुछ लोग बिजली विभाग की टीम को देखकर मौके से फरार हो गए। विभाग की टीम सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाले सभी इलाकों में छापेमारी कर रही है। यह आगे भी जारी रहेगी। बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।