कोई चलाएगा ऑटो, तो कोई उड़ाएगा हेलीकॉप्टर
फरीदाबाद। लोकसभा चुनाव में कोई प्रत्याशी ऑटो चलाएगा तो कोई हेलीकॉप्टर उड़ाएगा। चुनाव आयोग की ओर से जारी चुनाव चिन्ह की सूची जारी की गई है। इनमें राष्ट्रीय दलों के सात व क्षेत्रीय दलों के 64 चुनाव चिन्ह के अलावा 198 स्वतंत्र चुनाव चिन्ह हैं।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को नाम वापसी लेने का दिन है। उसके बाद चुनाव आयोग प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित करेगा। चुनाव चिन्ह के लिए निर्वाचन आयोग का स्पष्ट नियम है कि प्रत्याशी चुनाव चिन्ह के लिए कोई तीन विकल्प दे सकता है, लेकिन किसी चिन्ह पर एक से ज्यादा दावे की स्थिति में अंतिम फैसला निर्वाचन अधिकारी करेंगे। आयोग की ओर से जारी स्वतंत्र चुनाव चिन्ह में एयर कंडीशन से लेकर चूड़ियां, बेबी वॉकर, अलमारी, ऑटो, हेलीकॉप्टर, सेब, दूरबीन, बैट, विकेट, पेन ड्राइव, लैपटॉप, सेफ्टी पिन, चाय की केतली, ईयरफोन, चाबी, सीसीटीवी कैमरा, कैरम बोर्ड, बैटरी टार्च तक शामिल हैं।
राष्ट्रीय दलों में भाजपा, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (एम), बहुजन समाज पार्टी और नेशनल कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) शामिल हैं। इसके अलावा 26 राज्यों में कुल 64 क्षेत्रीय दल हैं। हरियाणा में क्षेत्रीय दल के रूप में इंडियन नेशनल लोकदल हैं, जिसका चुनाव चिन्ह चश्मा है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी स्वतंत्र चुनाव चिन्ह ले सकते हैं। इसके लिए उन्होंने अपने नामांकन पत्र में तीन विकल्प भरे हैं। इनमें से उन्हें कोई एक मिलेगा। 26 अप्रैल को दोपहर तीन बजे के बाद चुनाव आयोग प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित करेगा। 26 अप्रैल दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं।
राष्ट्रीय दलों के लिए आरक्षित चुनाव चिन्ह
भाजपा के लिए कमल, कांग्रेस के पास हाथ, बसपा का हाथी, तृणमूल कांग्रेस का फूल-पत्ती, कम्युनिस्ट पार्टी को गेहूं की बाली-हंसिया, कम्युनिस्ट पार्टी (एम) को हथौड़ा-हंसिया-सितारा और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के लिए चुनाव चिन्ह घड़ी आरक्षित है।