नगर निगम की नई विज्ञापन नीति लागू
- तीन जोन में अलग अलग टेंडर प्रक्रिया के जरिए जारी होंगे विज्ञापन के ठेके
- प्रतिवर्ष साढ़े तीन करोड़ से कई गुना राजस्व बढ़ने की उम्मीद
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के विज्ञापनों पर पिछले तीन पांच से कब्जा जमाए एक ही कंपनी के एकाधिकार को खत्म करते हुए निगम आयुक्त ने तीनों जोन विज्ञापन की खुली नीलामी प्रक्रिया शुरू की है। निगम प्रशासन ने विज्ञापन के लिए निविदाएं आमंत्रित कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगर निगम ने नोएडा की एक कंपनी को वर्ष 2012 में आठ करोड़ रुपये प्रतिवर्ष की दर से पांच वर्ष के लिए विज्ञापन का काम दिया था। कंपनी और निगम के बीच विज्ञापन साइटों को लेकर विवाद हुआ और मामला कोर्ट मेें चला गया। निगम को जहां 40 करोड़ रुपये मिलने थे वहां सिर्फ कुछ लाख रुपये की ही आमदनी हुई। निगम सूत्रों के मुताबिक निगम प्रशासन को कंपनी से प्रतिवर्ष आठ करोड़ की जगह महज साढ़े तीन करोड़ रुपये ही मिले। निगम आयुक्त मो. शाईन ने जनवरी 2018 में पांच साल पूरा होने पर कंपनी का ठेका समाप्त कर दिया था। अब निगम आयुक्त ने नई विज्ञापन पॉलिसी जारी की है। नई पॉलिसी में निगम के तीन जोन के लिए विज्ञापन के अलग अलग खुली निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। निगम सदन के बजट में विज्ञापन की मद में मात्र पचास लाख रुपये आय का अनुमान लगाया गया था, खुली निविदा से विज्ञापन की मद में निगम को काफी अधिक राजस्व मिलने की संभावनाएं हैं।
नई पॉलिसी से जीरो टॉलरेंस नीति को मिलेगा बढ़ावा
विज्ञापन के लिए बनाई गई नई पॉलिसी से सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को बढ़ावा मिलेगा। निगम सूत्रों के मुताबिक तीनों जोन में एक ही कंपनी को विज्ञापन का ठेका दिए जाने से अवैध होर्डिंग, विज्ञापन पर काबू पाना मुश्किल होता है। अब तीनों जोन में अलग अलग ठेका छोड़ा जाएगा तो इससे गलत काम होने की गुंजाइश काफी कम हो जाएगी।