अतिथि शिक्षकों को बाहर करने की तैयारी, मांगा सुझाव
- विभाग ने बीईओ से मांगी जेबीटी स्टाफ स्टेटमेेंट रिपोर्ट
फरीदाबाद। जिला मौलिक शिक्षा विभाग ने अतिथि शिक्षकों को बाहर करने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग अतिथि शिक्षकों के स्थान पर नवचयनित जेबीटी को नियुक्ति कराएगा। पानीपत एवं यमुनानगर के पत्र ने एक बार फिर अतिथि शिक्षकों को परेशान कर दिया है। शिक्षा विभाग ने फरीदाबाद एवं बल्लभगढ़ ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जेबीटी स्टाफ स्टेटमेंट की रिपोर्ट मांगी है।
माना जा रहा है कि 31 अगस्त और 30 सितंबर तक सेवानिवृत्त होने वाले जेबीटी की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। वहीं अतिथि शिक्षक आंदोलन की रणनीति बनाने में लगे हुए है। यदि अतिथि शिक्षकों को हटाने की कार्रवाई शुरू होती है तो सबसे पहले जूनियर जेबीटी को हटाया जाएगा। नवंबर 2007 में लगे अतिथि शिक्षकों की नौकरी खतरे में पड़ सकती है। अतिथि शिक्षकों के जिला एसोसिएशन इस स्थिति को देखते हुए उद्योग मंत्री से मुलाकात की तैयारी कर रहा है। जिला अतिथि शिक्षकों के एसोसिएशन रघुनाथ शास्त्री ने बताया कि प्रदेश सरकार अतिथि शिक्षकों को हटाने का मानस बना चुकी है, इसको देखते हुए हमारी तरफ से रणनीति बनाई जा रही है। बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जिले में 735 अतिथि शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें 479 जेबीटी है। अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति वर्ष 2005 से लेकर 2007 के बीच हुई। पांच अगस्त 2015 को हाईकोर्ट द्वारा दिए फैसले के अनुसार नियमित जेबीटी को नियुक्ति पत्र जारी होते ही अतिथि शिक्षकों की सेवाएं खुद समाप्त हो जानी थी, लेकिन अब तक शिक्षा विभाग ने अतिथि शिक्षकों को नहीं हटाया है। अब 84 जेबीटी आने के बाद इनको हटा सकता है।
कोट
विभाग की तरफ से पत्र भेजा गया है। निदेशालय से सुझाव मांगा गया है। हमारे पास स्टेशन नहीं है। इसलिए 84 जेबीटी की नियुक्ति प्रक्रिया को शुरू नहीं किया जा सका है। निदेशालय से सुझाव मिलते ही मेरिट सूची बनाकर नियुक्ति कराई जाएगी।
- सतेंद्र कौर वर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, फरीदाबाद