13 जून की रात शिव दुर्गा विहार के लकड़पुर की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। घर में घुसकर अलमारी की तिजोरी से करीब 11 तोला सोना, दो किलो चांदी और 45 हजार रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। यह वारदात 13 जून की रात शिव दुर्गा विहार, लकड़पुर क्षेत्र में हुई। सूरजकुंड थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर 15 जून को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अमित सिंह निवासी लकड़पुर ने बताया कि रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह करीब चार बजे उनकी नींद खुली तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो अलमारी और उसकी तिजोरी खुली हुई थी। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। पीड़ित ने काफी तलाश की, लेकिन सामान नहीं मिला। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश में जुटी है।