फरीदाबाद। जिले के स्कूलों में पढ़ने वाले 10वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थी बृहस्पतिवार (1 अप्रैल) से दोबारा प्री बोर्ड की परीक्षाएं देंगे। शिक्षा विभाग ने डेटशीट जारी कर प्रश्न पत्र बनाए हैं। परीक्षा के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। यह शेड्यूल हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) से संबद्ध स्कूल विद्यार्थियों की बोर्ड कक्षा के लिए जारी किया गया है।
ऐसा पहली बार है जब जिले में दो बार प्री बोर्ड परीक्षाएं आयोजित कराई जा रही हों।
पहली प्री बोर्ड परीक्षाएं 1 मार्च से शुरू हुई थीं, जबकि दूसरी प्री बोर्ड परीक्षाएं 1 अप्रैल से शुरू होंगी। इसमें गणित, भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान, इतिहास, भूगोल जैसे मुख्य विषय शामिल हैं। वहीं, बोर्ड की ओर से आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं के शेड्यूल के मुताबिक 5 से 10 अप्रैल तक प्रैक्टिकल (प्रयोग आधारित परीक्षा) करए जाएंगे। इसमें 10वीं व 12वीं के विभिन्न संकाय के विद्यार्थी शामिल होंगे। जिला स्तर पर इस दौरान कोई परीक्षा नहीं ली जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी रितु चौधरी ने बताया कि प्री बोर्ड परीक्षाओं के जरिये छात्र वास्तविक परीक्षा के माहौल व तनाव को महसूस करते हैं। ऐसे में छात्रों को वास्तविक परीक्षाओं में होने वाली परेशानी से बचाया जा सकता है। इस बार दो दौर की प्री बोर्ड परीक्षाएं आयोजित कराने का निर्णय लिया। पहली परीक्षा से शैक्षणिक स्तर पर कमजोर बच्चों का चयन किया गया। अतिरिक्त कक्षाएं व परीक्षा पैटर्न की बेहतर समझ विकसित कर छात्रों का दोबारा मूल्यांकन किया जा रहा है। इससे बोर्ड परीक्षाओं के लिए हर छात्र मानसिक रूप से तैयार होगा।