नीमका के राजकीय उच्च विद्यालय को दो नए कमरों की सौगात
फरीदाबाद। नीमका गांव के राजकीय उच्च विद्यालय के बच्चों को नए शैक्षिक सत्र से दो नए कमरों की सौगात मिली है। एनटीपीसी फरीदाबाद निगम सामाजिक दायित्व विभाग के सौजन्य से इन कमरों का निर्माण कराया गया। इनमें करीब 18 लाख रुपये खर्च हुए। उपायुक्त अतुल द्विवेदी ने नई क्लासरूम का उद्घाटन किया।
उपायुक्त ने बताया कि एनटीपीसी फरीदाबाद पूरे जिले में बिजली व्यवस्था नियमित करने के साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़ चढ़कर भाग लेती है। उन्होंने एनटीपीसी के महाप्रबंधक अमिताभ राय को मुबारकबाद देते हुए कहा कि वह आगे भी इसी तरह की सामाजिक कार्य में हिस्सा लेते रहें। इस प्रकार के सामाजिक कार्यों से न केवल समाज में एक अच्छा संदेश जाता है, बल्कि आम जनता को इसका लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी फरीदाबाद ने नीमका गांव में 15 लाख रुपये की लागत से ग्रामवासियों के लिए दो आरओ प्लांट भी लगवाएं। इनके माध्यम से गांववालों को शुद्ध पानी उपलब्ध होगा।
उपायुक्त अतुल कुमार द्विवेदी ने उद्घाटन कार्यक्रम के बाद एनटीपीसी गैस पावर स्टेशन का निरीक्षण भी किया। एनटीपीसी अफसरों और उपायुक्त के बीच हुई वार्ता में सोलर प्लांट पर भी चर्चा हुई। इसमें सहमति बनी कि अगर कोई पंचायत सोलर प्लांट के लिए जगह देती है तो एनटीपीसी वहां पर सोलर प्लांट का निर्माण कराएगा। उपायुक्त ने एनटीपीसी गैस पावर स्टेशन में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर गांव नीमका के सरपंच केशराम, राजकीय उच्च विद्यालय स्कूल की मुख्य अध्यापिका भारती भी मौजूद रहीं।