आरोपी महिला फरार, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। एक महिला के साथ ऑटो में सफर के दौरान चोरी की वारदात सामने आई है। आरोप है कि एक अज्ञात महिला ने ऑटो में सफर कर रही महिला के पर्स से 10 हजार रुपये चोरी कर मौके से फरार हो गई। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बताया कि गुरुग्राम के अलीपुर गांव निवासी सुनीता ने शिकायत में बताया कि वह अपने गांव से फजलपुर जा रही थी। सोहना से पलवल के लिए बस में बैठते समय एक अज्ञात महिला भी उनके साथ वाली सीट पर बैठ गई। जब सुनीता पलवल के आगरा चौक पर उतरी, तो वह महिला भी उसके साथ बस से उतर गई। इसके बाद सुनीता बस स्टैंड जाने के लिए एक ऑटो में बैठी तो वह महिला भी उसी ऑटो में सवार हो गई।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने बस स्टैंड पर उतरकर ऑटो चालक को किराया देने के लिए अपना पर्स खोला, तो उसमें रखे 10 हजार रुपये गायब थे। जब उसने आसपास देखा तो वह अज्ञात महिला वहां से गायब हो चुकी थी। शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी महिला की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।