1000 front line worker get vaccination
फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) सेक्टर-30 में कोरोना बचाव के टीकाकरण के दूसरे चरण की शुरुआत की। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रणदीप सिंह पूनिया सहित अन्य अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। मेगा टीकाकरण अभियान की शुरुआत के दौरान पहला टीका जिला उपयुक्त यशपाल यादव ने लगवाया। साथ ही पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने टीका लगवाकर अन्य फ्रंट लाइन वर्कर को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया।
सोमवार को फ्रंट लाइन वर्कर के टीकाकरण को जोर-शोर से बढ़ावा देने के लिए सोमवार को मेगा टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। इसमें पुलिस चौकी और थाने के पास मौजूद अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण के कुल 20 सेशन लगाए गए। पहले दिन सोमवार को कुल एक हजार फ्रंट लाइन वर्कर ने टीकाकरण कराया।। इससे पहले शनिवार और रविवार को नीमका जेल में 200 से अधिक फ्रंट लाइन वर्कर का टीकाकरण किया जा चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप पुनिया ने बताया कि मार्च से तीसरे चरण का टीकाकरण शुरू करने की तैयारी है।
इन्होंने भी लगवाया टीका:
डीसीपी ट्रैफिक सुरेश कुमार, डीसीपी बल्लभगढ़ सुमेर कुमार, डीसीपी हेडक्वार्टर डा. अर्पित जैन और एसीपी बल्लभगढ़ जयवीर राठी सहित कई थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों ने इस दौरान टीका लगवाया। एसीएस राजीव अरोड़ा ने एफआरयू में पौधे लगाकर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश भी स्वास्थ्य संदेश के साथ दिया।