थाना सेक्टर 8 पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-12 क्षेत्र में सोमवार शाम को कार की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के समय बच्चा अपने पिता के साथ सड़क किनारे पड़े कबाड़ को रिक्शे में डाल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। थाना सेक्टर 8 पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआरआई दर्ज कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार असम के मेहरुद्दीन पिछले कई वर्षों से सेक्टर-10 में सड़क किनारे बनी झुग्गी में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। सोमवार की शाम को वह रिक्शा लेकर बीपीटीपी से कबाड़ लेकर वापस आ रहे थे। सेक्टर 12 के डिवाइडिंग रोड पर रिक्शा से कबाड़ का कुछ हिस्सा नीचे गिर गया। मृतक बच्चा हसीन रिसलम कबाड़ को उठाकर रिक्शा में डाल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार ने हसीन रिसलम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्चा काफी दूर जाकर सड़क किनारे गिरा और कार उसके ऊपर से गुजर गई। परिजनों ने बताया कि बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई। बच्चे को उपचार के लिए बीके अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वही पुलिस की ओर से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाली कार और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।