सरकार ने बढ़े रेट लिए वापस, एक साल पहले 25 प्रतिशत तक बढ़ाए गए थे
अब 5 प्रतिशत की दर से वसूला जाएगा बिल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पानी के बढ़े दामों की समस्या से जूझ रहे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर वासियों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने पानी के बढ़े हुए रेट को वापस ले लिया है, जिससे शहर के पांच सेक्टरों के करीब 10 हजार लोगों को फायदा होगा। अब लोगों को पुराने रेट पर 25 प्रतिशत की वृद्धि के हिसाब से नहीं, केवल पांच प्रतिशत वृद्धि के हिसाब से पानी का बिल देना होगा।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से वर्ष 2018 में पानी के बिल को लेकर नीति बनाई गई भी। इसके तहत हर साल पानी के बिल में पांच प्रतिशत की वृद्धि होनी थी, लेकिन किन्हीं कारणों से पिछले कुछ साल में रेट में वृद्धि नहीं हुई और लोगों के पास पुरानी दरों के हिसाब से ही बिल पहुंचते रहे। ऐसे में एचएसवीपी की तरफ से एक साथ पिछले वर्ष साल 2018 से 2022 तक के हिसाब से पानी के बिल पर 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई थी। इससे लोगों के पास बढ़े हुए बिल पहुंचे और इससे लोग काफी परेशान थे। इसे लेकर लोग एचएसवीपी अधिकारियों के साथ उपायुक्त और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा था। लोगों में भारी नाराजगी को देखते हुए सरकार ने फैसला लिया कि बिल में 25 फीसदी की बढ़ोतरी नहीं होगी और न ही पुराने बिल का एरियर (बकाया कर) लिया जाएगा। अब बिलों में केवल पांच प्रतिशत की ही वृद्धि होगी। वहीं जो लोग बढ़ी हुई दरों के हिसाब से बिलों का भुगतान कर चुके हैं, उनके पैसों को अगले बिलों में समायोजित किया जाएगा।
लोगों ने राहत की सांस ली
पिछले कुछ साल में एचएसवीपी के अनेक सेक्टर नगर निगम को ट्रांसफर होने के बाद अब एचएसवीपी के पास कुछ ही सेक्टर रह गए हैं। फिलहाल एचएसवीपी सेक्टर-2, 62, 64, 65 व 56-56 ए में पानी की सप्लाई करता है। इन सेक्टरों में एचएसवीपी के लगभग 10 हजार पानी के कनेक्शन हैं। बिल में बढ़ोतरी के आदेश वापस होने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
मीटर से आता है बिल
एचएसवीपी सेक्टरों में पानी का बिल किलो लीटर के हिसाब से आता है। बिल तैयार करने के लिए घरों में पानी के कनेक्शन पर मीटर लगे हुए हैं। इसके बाद अलग-अलग श्रेणी के हिसाब से बिल बांटे जाते हैं। घरों में 10 किलो लीटर तक 2.50 रुपये प्रति किलो लीटर बिल लिया जाता था, जिसे 25 प्रतिशत वृद्धि के बाद 3.04 रुपये प्रति किलो लीटर कर दिया गया था लेकिन अब पुराने रेट पर केवल पांच प्रतिशत ही वृद्धि होगी। 25 प्रतिशत की वृद्धि दरों को हटा दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार नए रेटों की सूची मुख्यालय स्तर पर जारी होगी।
इस तरह थे बिल
घरेलू
मात्रा पुराने रेट 25 प्रतिशत वृद्धि के बाद रेट (रुपये)
10 किलो लीटर तक 2.50 3.04
11 से 20 किलो लीटर तक 5.00 6.08
21 से 30 किलो लीटर तक 8.00 9.72
31 व इससे ज्यादा 10.00 12.16
ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी
20 किलो लीटर से कम 5.00 6.08
20 किलो लीटर से ज्यादा 10.00 12.15
संस्थान
मीटर रीडिंग पर आधारित 10.00 12.15
औद्योगिक व व्यावसायिक
मीटर रीडिंग पर आधारित 15.00 17.36
(रुपये प्रति किलोमीटर )
एचएसवीपी के अब केवल पांच सेक्टरों में कनेक्शन हैं। इनमें लगभग 10 हजार परिवार रहते हैं। उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार ही नए बिल लोगों को भेजे जाएंगे।
- अजीत सिंह, कार्यकारी अभियंता, एचएसवीपी