-एडीसी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम जांच शिविरों का आयोजन तीन से 13 जुलाई तक किया जाएगा। इसी संबंध में सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त अपराजिता की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि इन जांच-माप शिविरों में जरुरतमंदों को आवश्यकता अनुसार कृत्रिम अंग उपलब्ध करना सुनिश्चित करें। उन्होंने एनआईसी को शिविरों में विशेष आधार कैंपों का आयोजन करने करने के भी आदेश दिए। इसके माध्यम से दिव्यांगजनों को अपने आधार कार्ड में बदलाव कराने में सहूलियत मिलेगी। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को कैंपों के सफल आयोजन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। एसडीएम फरीदाबाद परमजीत चहल और त्रिलोक चंद ने पंचायत विभाग व अन्य क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से इन कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार करवाने का आश्वासन दिया ताकि ज्यादा पात्र दिव्यांगजन व वरिष्ठ नागरिक इन सुविधाओं का लाभ ले सकें। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राकेश मोर ने बताया कि पंचायत के प्रतिनिधियों के माध्यम से भी पात्र व्यक्तियों तक शिविरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इन जगहों पर लगेंगे कैंप
रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव बिजेंद्र सोरौत ने बताया कि शिविरों का आयोजन केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम एलिम्को कानपुर की टीम द्वारा तीन जुलाई को सीएचसी कौराली में किया जाएगा। वहीं, चार जुलाई को पीएचसी मोहना, पांच जुलाई को एफआरयू सेक्टर-30, छह जुलाई को सीएचसी पाली, सात जुलाई को सीएचसी तिगांव, आठ जुलाई को यूएचसी एसजीएम नगर, 10 जुलाई को यूएचसी मेवला महाराजपुर, 11 जुलाई को सीएचसी खेड़ी कलां, 12 जुलाई को एफआरयू सेक्टर-30 और 13 जुलाई को सिविल अस्पताल बीके में आयोजित किए जाएंगे। एलिम्को प्रतिनिधि प्रियंका ने बताया कि सभी दिव्यांगजन, जिनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र 40 फीसदी से ऊपर है, वह इन शिविरों में भाग ले सकते हैं।