फरीदाबाद। सेक्टर-8 थाने के मालखाने से 32 हथियार चोरी होने के मामले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 10 आरोपियों को जमानत दे दी है। इससे पहले पांच आरोपियों को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है।
पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 15 आरोपियों की जमानत हो चुकी है। अदालत से जमानत पाने वालों में पवन कुमार, अमन, पुष्पेंद्र, जसवंत, अंकित गर्ग, अजय कुमार, दीपक उर्फ बल्ली, आशीष, धीरज और केशव चौधरी शामिल हैं। वहीं हाईकोर्ट से अमित कुमार, बलवान, विपिन कुमार, सचिन और राहुल को पहले ही जमानत मिल चुकी है। माना जा रहा है कि मामले के अन्य आरोपित भी जल्द जमानत के लिए अदालत का रुख कर सकते हैं। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-8 थाने के मालखाने से 32 हथियार चोरी हुए थे। इस संबंध में गांव करनेरा निवासी मोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मोनू थाने में अप्रेंटिसशिप कर रहा था। पुलिस का आरोप है कि उसने चोरी किए गए हथियारों को अलग-अलग लोगों को बेच दिया था। बाद में पुलिस ने हथियार खरीदने वाले कई लोगों को गिरफ्तार किया। जमानत पाने वाले आरोपियों पर चोरी के हथियार खरीदने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि चोरी हुए सभी 32 हथियार बरामद किए जा चुके हैं। संवाद