फरीदाबाद। सराय थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में क्रिकेट मैच में सट्टा लगा रहे दस युवकों को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने काबू किया है। आरोपियों में हितेश, मयंक, मोहित, प्रिंस, शालीन, राहुल, संचित, पर्थ, हार्दिक व सावन का नाम शामिल है। सभी आरोपी एनआईटी इलाके के रहने वाले हैं।
इनमें हितेश मुख्य आरोपी है। हितेश ही सबको सट्टा खिलाने के काम करता है। बुधवार रात क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र स्थित एक होटल में क्रिकेट मैच पर सट्टा खेला जा रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत होटल पर छापा मारा और मौके से 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, एक मोबाइल और 24 हजार रुपये बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ थाना सराय ख्वाजा में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में हितेश ने बताया कि लॉकडाउन में काम धंधा बंद होने के कारण पैसे कमाने के लालच में सट्टा खिलाने का काम शुरू कर दिया।