बल्लभगढ़। पंजाब नेशनल बैंक में रुपये जमा करने गए एक युवक से मदद के नाम पर एक लाख सत्तर हजार रुपये की ठगी हो गई। आरोपी ने मशीन से रुपये जमा कराने में मदद का झांसा देकर युवक के नोट ही उड़ा दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
चावला कॉलोनी निवासी जयचंद ने पुलिस को बताया कि वह रुपये जमा कराने पंजाब नेशनल बैंक की चावला कालोनी स्थित शाखा में गए। उन्होंने काउंटर पर बैठे कैशियर से कहा कि पैसे जमा करने हैं। जिस पर कैशियर ने कहा कि यहां जमा नही होंगे आप मशीन में जमा कर दें। जयचंद ने कहा कि उन्हें रुपये जमा कराने नहीं आते, लेकिन कैशियर नहीं माना। पीड़ित का कहना है कि वह कैशियर की शिकायत करने मैनेजर के कमरे में गए लेकिन उस समय मैनेजर वहां नहीं थे।
चेहरे पर काला मास्क लगाए एक व्यक्ति वहां आया। उसने जयचंद से कहा कि रुपये जमा कराने में वह मदद कर देगा। उसने जयचंद को तीन फार्म देकर उन्हें भरने को कहा। इसके बाद उनसे रुपये लेकर जमा कराने जाने लगा। जयचंद उसके पीछे-पीछे चलने लगे। तभी मास्क वाला आदमी रुका और कहा कि एक फार्म में कुछ गलती है, उसे दोबारा भरकर दो। जयचंद फार्म भरने लगे। थोड़ी देर बाद जब वे फार्म लेकर मैनेजर के कमरे से बाहर आए तो देखा कि मास्क वाला व्यक्ति गायब है। वह उनके रुपये लेकर जा चुका था। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक के सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।