फरीदाबाद से अलवर जाने वाले यात्रियों को अब आने-जाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस रूट पर मार्च से बस सेवा मिल सकेगी।
हरियाणा रोडवेज ने फरीदाबाद-अलवर रूट के परमिट के लिए राजस्थान रोडवेज में आवेदन किया है, जिसकी औपचारिकताएं मार्च तक पूरी हो जाएंगी। इसके बाद एक बस को ऑन रूट कर दिया जाएगा।
अलवर के लिए बस को एनआईटी स्थित दशहरा ग्राउंड बस अड्डे से चलाया जाएगा, जिसके बाद यह बस बल्लभगढ़ बस डिपो, सोहना बस अड्डे से होते हुए अलवर जाएगी। बस प्रतिदिन सुबह सात बजे चलेगी।
विभाग के अनुसार, बल्लभगढ़ और सोहना बस अड्डे पर बस को 40 से 45 मिनट तक के लिए रोका जाएगा, जिसके बाद बसें अपना आगे का सफर तय करेंगी।
दरअसल, वर्ष 2012 में अलवर रूट पर बस सेवा चालू थी, लेकिन खराब बसों की बढ़ती संख्या के कारण रूट पर बस सेवा को बंद कर दिया गया। मांग बढ़ने के बाद एक बस को रूट पर चलाने के लिए हरियाणा रोडवेज की ओर से मंजूरी मिली है। इस बारे में ड्यूटी इंस्पेक्टर इदरीस खान ने बताया कि डिपो को कुछ नई बसें भी मिल रही हैं, जिस कारण रूट पर बस को चलाने का निर्णय लिया गया है।