हरि विहार स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र के लिए योग्य माना गया है।
जल्द ही इस स्वास्थ्य केंद्र को करीब 50 हजार रुपये की इनामी राशि भी केंद्र सरकार की ओर से दी जाएगी। इससे स्वास्थ्य केंद्र की वर्तमान सुविधाओं में इजाफा किया जा सकेगा।
उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रमेश ने बताया कि विभाग को हाल ही में सूचना मिली है कि हरि विहार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय मानकों पर खरा आंका गया है। उन्होंने बताया कि 21 से 23 जनवरी के बीच केन्द्र सरकार की ओर से स्वास्थ्य की टीम केंद्रों के निरीक्षण पर आई थी। टीम ने शहर के पीएचसी, शहरी स्वास्थ्य केंद्र (यूएचसी) हरि विहार, मोहना और छायसा का निरीक्षण किया था।
विभिन्न मानकों पर जांच, उपचार, भवन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया था। प्रदेश के सभी जिलों में इस तरह का दौरा किया गया। इसमें फरीदाबाद की हरि विहार पीएचसी को उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि अभी मोहना और छायसा पीएचसी के परिणाम घोषित नहीं हुए हैं। इस प्रमाण पत्र को पाने वाले स्वास्थ्य केंद्रों को 50 हजार से 1 लाख रुपये तक के पुरस्कार मिलते हैं। प्रदेश में 41 स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र दिया जाएगा।