ओयो होटल में जुआ खेलने वाले आठ गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
फरीदाबाद में एनआईटी क्राइम ब्रांच की टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र के नेहरु ग्राउंट लोहा मंडी स्थित एक ओयो होटल पर दबिश देकर यहां चल रहे जुआ खिलाने के कारोबार का पर्दाफाश किया गया है। होटल संचालक प्रति घंटे 1500 के हिसाब से जुआरियों को कमरा किराये पर देता था। मौके से आठ जुआरी समेत होटल मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता एसीपी धारणा यादव ने बताया कि एक सूचना के आधार पर एनआईटी क्राइम ब्रांच की टीम ने सोमवार रात को कोतवाली क्षेत्र के नेहरु ग्राउंड स्थित ओयो होटल पर दबिश दी। जहां से जुआ खेलने वाले आठ लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि इनके पास से 204500 रुपये भी क्राइम ब्रांच ने बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ललित, गुलशन, विनोद, विशाल, हरीश, मनी, रिंकू, और राकेश निवासी एनआईटी के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में गैंबलिंग एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपी रिंकू सभी जुआरियों को इकट्ठा करके ओयो होटल में कमरा लेकर जुआ खिलाता है। रिंकू ने ही ओयो होटल मालिक से सभी जुआरियों को जुआ खेलने के लिए कमरा उपलब्ध करवाया था। होटल मालिक इन्हें जुआ खेलने के लिए 1500 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से कमरा किराये पर देता था।