शहर के विजय नगर में सब्जी मंडी से सामान लेकर घर आ रहे हरीश सोलंकी को 20 जून की सुबह स्कूटी सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। घायल हरीश दिल्ली जल बोर्ड में मीटर इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत था। घटनास्थल से मात्र कुछ दूरी पर ही हरीश का घर है। उसे घायलावस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है उनके घर सामने नीमका गांव निवासी एक व्यक्ति ने मकान किराए पर दिया हुआ है। आरोप है कि उस मकान में आए दिन असामाजिक किस्म के युवक आते रहते हैं जो अक्सर शराब पीकर हंगामा व गाली गलौच करते हैं। घटना से करीब 15 दिन पहले हरीश ने शराब पीकर हुड़दंग कर रहे युवकों को धमकाया था। इसी रंजिश में बदमाशों ने उसे गोली मारी थी।
कोविड 19 नियमों के तहत होगा दाह संस्कार
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने हरीश को कोरोना पॉजिटिव बताया था। इस बात को लेकर डॉक्टर व परिजनों के बीच हंगामा भी हुआ था। अब हरीश की मौत के बाद उसका दाह संस्कार कोविड 19 नियमों के तहत ही होगा। मृतक के भाई दिनेश ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद स्वास्थ्य विभाग व निगमकर्मी हरीश का दाह संस्कार अजरौंदा स्थित शमशान घाट में करना चाहते थे, लेकिन परिजनों के अनुरोध पर अब उसका अंतिम संस्कार तिगांव रोड स्थित शमशान घाट में किया जाएगा।