ग्यारहवीं के छात्र की चाकू घोंपकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
फरीदाबाद के गांव भनकपुर में मंगलवार शाम ग्यारहवीं के छात्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय मृतक गांव के ही दो बच्चों के साथ स्कूटी पर बैठकर गांव में घूम रहा था। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने किशोर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक गांव भनकपुर निवासी जसवंत के परिवार में पत्नी व तीन बच्चे हैं। छोटा बेटा विपिन (16 ) ग्यारहवीं कक्षा का छात्र है। मंगलवार को वह सीकरी गांव निवासी विजय के बेटे और बेटी के साथ स्कूटी पर बीच में बैठकर घूम रहा था। दिल्ली मुंबई हाईवे पर बने अंडरपास पर कुछ युवकों ने स्कूटी को रुकवा लिया और बीच में बैठे विपिन को खींचकर नीचे उतार लिया। आरोपियों ने स्कूटी सवार दोनों बच्चों को भगा दिया और विपिन पर चाकुओं से हमला कर दिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकले। हमले में घायल विपिन बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। लहूलुहान हालत में देख आसपास के लोगों ने शोर मचा दिया। भनकपुर गांव से कुछ लोग मौके पर पहुंचे और विपिन को पहचान लिया। परिवार और सीकरी चौकी पुलिस मौके पर पंहुची। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीकरी चौकी प्रभारी एसआई सुनील कुमार का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया गया है। मौके पर मौजूद मजदूरों ने प्याला गांव के युवकों पर आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
18 फरवरी को बड़े भाई की होनी है शादी
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। 18 फरवरी को घर में बड़े बेटे की शादी होनी है। इसके बाद मार्च में बड़ी बहन की शादी है। परिवार के सदस्य शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। अब परिवार सदमे में है। देर रात तक गांव के लोग पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में खड़े रहे। थाना-58 पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम आरोपियों की तलाश कर रही है।