औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में फिर से साबित कर दिया है की यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है। वैश्विक स्तर पर ख्याति प्राप्त हिप-हॉप इंटरनेशनल डांस चैंपियनशिप किसी परिचय का मोहताज नहीं है। इस प्लेटफार्म तक पहुंचना ही अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
शहर के सेक्टर-8 निवासी 20 वर्षीय अर्पित गर्ग व उनकी टीम ने अमेरिका के फोएनिक्स शहर पांच से 12 अगस्त तक होने जा रहे इस चैंपियनशिप में अपनी जगह बना ली है। टीम में कुल 15 प्रतिभागी हैं। सभी कर्नाटक के मनिपाल यूनिवर्सिटी में बीटेक के छात्र हैं। देश को चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल दिलाने के लिए जमकर रिहर्सल कर रहे हैं।
अर्पित ने बताया कि उसे बचपन से ही उसे डांस का शौक है वह क्लासिक डांस में कथक का बेहतरी कलाकार है। जब बीटेक में दाखिला हुआ तो पढ़ाई के साथ-साथ उसने अपने इस शौक को भी जारी रखा। तभी उसे हिप-हॉप इंटरनेशनल डांस चैंपियनशिप के बारे में पता चला।
यूनिवर्सिटी में डांस के शौकीन अन्य साथियों से उसने इसके बारे में बताया तो सभी को यह काफी पसंद आया और उन्होंने इसके लिए तैयारी भी शुरू कर दी। अर्पित का कहना है कि वह कंप्यूटर एंड कम्युनिकेशन इंजीनियर बनने के साथ-साथ दुनिया भर के डांस क्षितिज पर भी उदित होना चाहता है।
हिप-हॉप इंटरनेशनल डांस चैंपियनशिप का रिजनल राउंड 21 जनवरी को कर्नाटक में हुआ था। इसमें टीम को शानदार सफलता मिली इसके बाद मुंबई के नेशनल राउंड में सभी 15 होनहारों ने डांस फ्लोर पर बेजोड़ प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर हिप-हॉप इंटरनेशनल डांस कंपटीशन फ्लोर पर जगह बनाने में सफलता अर्जित की।
अब हर किसी को इंतजार उसके अमेरिका में प्रदर्शन का है। अर्पित का कहना है कि डांस प्रतिभाओं की कमी नहीं है। मगर हिप-हॉप इंटरनेशनल डांस चैंपियनशिप काफी खर्चीला है। इसमें भाग लेने का खर्चा प्रतिभागियों को ही उठाना पड़ता है। इस समय सभी प्रतिभागी सुबह 8:00 से शाम 5:00 बजे तक यूनिवर्सिटी में क्लास अटेंड करते हैं फिर शाम 6:00 से रात 3:00 बजे तक हिप-हॉप का रिहर्सल करते हैं।
यह टीम दिखाएगी हिप-हॉप इंटरनेशनल डांस चैंपियनशिप में जलवा...
अर्पित गर्ग, रुशिकेश, श्रीदिव्या, रहमिता, अनमोल, ऋषिकेश, मेघना, निष्ठा, सिद्धांत, आहद, अरूण, मानस, शिवानी, यशश्वी व सनप्रीत।