मशहूर गजल गायक पंकज उधास ने एक वीडियो जारी कर दिल्ली वालों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पंकज उधास के वीडियो को अपने ट्विटर हैंडल पर अपलोड किया है। वीडियो में पंकज दिल्ली वासियों से अपील कर रहे हैं कि उनकी छोटी सी गलती किसी बड़े हादसे को दावत देती है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी राजधानी वासियों से ऐसी ही अपील कर रहे हैं।
पंकज उधास ने वीडियो के जरिए बताया कि राजधानी के अलावा पूरे देश के लिए सड़क सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा है। देखा गया है कि छोटी सी गलती के कारण सड़कों पर हादसे होते हैं। लोग अपनी जान गंवा देते हैं। इनमें ज्यादातर हेल्मेट न लगाने वाले, रेड लाइट तोड़ने वाले और बिना लेन के ड्राइविंग करने वाले लोग हादसों का शिकार होते हैं।
गजल गायक ने निजी रूप से अपील कर लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए कहा। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इससे पूर्व शनिवार को फुटबालर बाइचुंग भूटिया ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के कार्यक्रम में लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। वहीं, इससे पूर्व अप्रैल माह में बॉलीवुड कलाकार अनुष्का शर्मा ने वीडियो मेसेज के जरिए लोगों से दोपहिया वाहन पर हेल्मेट लगाने की अपील की थी।