केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक मरीज की सुध लेते हुए उसका उपचार आयुष्मान भारत योजना के तहत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना के सीईओ डॉ. इंदुभूषण से ट्विटर पर इस मामले में संज्ञान लेने का आग्रह किया।
कुछ दिन पहले सीएमसी वैल्लोर में उपचारधीन असम के तिनसुकिया निवासी ऋषभ दत्त के परिजनों ने सोशल मीडिया पर अपने बच्चे के उपचार को लेकर सरकार से मदद मांगी थी। 11वीं क्लास का छात्र ऋषभ एप्लास्टिक एनीमिया से ग्रस्त है। वह पिछले दो वर्ष से बीमार है और उसके उपचार में करीब 30 से 35 लाख रुपये का खर्चा बताया जा रहा है।
पिता अभिजीत के अनुसार डॉक्टरों ने बोनमेरो ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी है जिसमें कई लाख रुपये का खर्चा है। मरीज की इस स्थिति को लेकर सीएमसी वैल्लोर के हेमोटोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रम मैथ्यू ने भी लिखित में जानकारी दी है। उनका कहना है कि ये रक्त से जुड़ा रोग है जिसमें मरीज की जान भी जा सकती है। बोनमेरो ट्रांसप्लांट के अलावा इसका दूसरा कोई विकल्प नहीं है। वहीं असम सरकार ने भी इस मामले में 0षभ की मदद के लिए सीएमसी के डॉक्टरों से संपर्क किया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि जल्द ही ऋषभ को उपचार दिलाने के लिए केंद्र की ओर से मदद की जाएगी। फिलहाल उनके परिवार की जानकारी आयुष्मान भारत की टीम को दी गई है। टीम की ओर से उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि ये पता चल सके कि इनका परिवार पहले से लाभार्थी की सूची में उपलब्ध है अथवा नहीं? अगर लाभार्थी नहीं भी होता है तो भी सरकार की ओर से मदद की जाएगी।