नया गांव के भूपसिंह नगर में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद के बाद उपजे खूनी संघर्ष के तीसरे दिन भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने ऐहतियात के तौर पर पूरी कॉलोनी को छावनी में तब्दील कर दिया है। शुक्रवार रात पुलिस ने मुख्यारोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
डीसीपी (दक्षिण) हिमांशु गर्ग के मुताबिक, वीडियो से अन्य आरोपियों की पहचान हो गई है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने शनिवार को मौके का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर, इस मामले में नया गांव के सरपंच और स्थानीय ग्रामीणों ने सोहना विधायक तेजपाल तंवर से मुलाकात की। सरपंच सुरज्ञान खटाना ने बताया कि वह शांतिपूर्ण तरीके से मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। घटनाक्रम में शामिल युवकों को पुलिस के सामने पेश करने में सहयोग किया जाएगा, लेकिन निर्दोष लड़कों को न फंसाया जाए।
गौरतलब है कि होली पर भोंडसी स्थित भूपसिंह कॉलोनी में क्रिकेट खेलने के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें एक समुदाय के लोगों ने समुदाय विशेष के घर में घुसकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला बोल दिया।
खूनी संघर्ष में साजिद, दिलशाद, इरशाद, शहबाज, आबिद, साबुद्दीन, नरगिस, अकीला, मुस्कान व समीना समेत दूसरे गुट के तीन लोगों को मिलाकर 16 लोग घायल हो गए, इनमें तीन गंभीर रूप से जख्मी हुए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हंगामा करने की कोशिश
जेल रोड से कॉलोनी में आने वाली गली के मोड़ पर शनिवार को कुछ युवकों ने हंगामा करने का प्रयास किया, मगर तभी पुलिस मुस्तैद हो गई। पुलिस ने युवकों को मौके से खदेड़ दिया। उधर पुलिस अधिकारियों से लोगों से संयम और शांतिपूर्ण माहौल बनाने की अपील की।
महेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार कई युवकों की पहचान हो गई है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिमांशु गर्ग, डीसीपी (दक्षिण), गुरुग्राम