फॉल्स सीलिंंग बने ही करीब एक साल हुआ था,
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सफदरजंग अस्पताल में मध्यरात्रि करीब 12 बजे वार्ड नंबर 21 के कॉरिडोर की फॉल्स सीलिंग अचानक गिर गई। घटना के समय कॉरिडोर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। वहीं, बताया जा रहा है कि यह फॉल्स सीलिंंग बने करीब एक साल हुआ था।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने मौके का निरीक्षण किया और मलबे को हटाया। सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित हिस्से को खाली कराया गया। बताया जा रहा है कि फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा अचानक गिरा, जिससे तेज आवाज हुई। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
यह घटना अस्पताल प्रबंधन के ध्यान में लाई जा चुकी है। स्थिति का जायजा लेने और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने के लिए संबंधित टीम को तुरंत तैनात कर दिया गया है। अच्छी बात यह है कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मरीजों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें कोई समझौता नहीं किया गया है। -साक्षी चुघ, जनसंपर्क अधिकारी सफदरजंंग अस्पताल