सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की आरोपी कथित गुरु मां पुष्पा गोयल ने शुक्रवार को कोर्ट के समक्ष समर्पण कर दिया। पुलिस ने पुष्पा के पति को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन वह कई दिन से फरार थी। कड़कडड़ूमा जिला अदालत ने पुष्पा गोयल को पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुष्पा ने खुद पर लगे आरोपों को झूठा व बेबुनियाद बताया है।
उत्तर पूर्वी जिले की पुलिस उसकी तलाश में कई जगह छापेमारी कर रही थी। खजूरी खास थाना पुलिस ने करीब दो सौ लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पुष्पा, उसके पति देवेंदर गुर्जर (55) समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। देवेंदर को सोमवार रात दबोच लिया गया था। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
पुलिस के मुताबिक, दयालपुर इलाके में किराये के मकान में रहने वाली पुष्पा पूजा-पाठ, जागरण और धार्मिक यात्राओं के नाम पर लोगों से चंदा लेती थी। उसने कुछ दिन पहले बेटी की शादी के नाम लाखों रुपये उधार लिये थे। इसके बाद वह रुपये वापस करने के बजाय फरार हो गई थी। इस बाबत नेहरू विहार निवासी संतोष तोमर समेत कई लोगों ने पुष्पा के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।