- पुलिस ने चार जगहों पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली सामान, मशीन, लेबल और टैग बरामद किए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पश्चिम जिला जांच इकाई ने नारायणा औद्योगिक क्षेत्र में नकली जींस पर नामी कंपनी का लेबल और टैग लगाकर बेचने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने चार जगहों पर छापा मारकर कर भारी मात्रा में लेवाइस, ज़ारा, केल्विन क्लाइन और टामी हिलफिगर जैसे नामी ब्रांड्स की नकली जींस, हजारों जाली लेबल और सिलाई मशीनें बरामद की हैं। पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है। इनकी पहचान विपिन सरदाना, ऋषभ गर्ग, नीरज भंबरी और रवि प्रकाश के रूप में हुई है।
जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि नामी कंपनी के प्रतिनिधि की ओर से लगातार नकली सामान बनाए जाने और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के कापीराइट और ट्रेडमार्क का उल्लंघन करने की शिकायत मिल रही थी। अदालत से सर्च वारंट लेने के बाद पुलिस टीम ने एक साथ नारायणा के चार ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन जगहों से भारी मात्रा में तैयार जींस और कच्चा माल मिला। मौके से 3 सौ से अधिक तैयार नकली ब्रांडेड जींस मिले। साथ ही 9 हजार से ज्यादा जाली लेबल और टैग बरामद किए। साथ ही पुलिस ने सात भारी सिलाई मशीनें जब्त की हैं। पुलिस ने कॉपी राइट का उल्लंघन करने वाले चार आरोपियों को पकड़ा है। कीर्ति नगर निवासी विपिन सरदाना 2,510 नकली जींस और चार मशीनें, इंद्रपुरी निवासी ऋषभ गर्ग केल्विन क्लाइन की जींस और लेवाइस का कच्चा माल बना रहा था। नोएडा निवासी नीरज भाम्बरी टामी हिलफिगर की नकली जींस बना रहा था। वहीं इंद्रपुरी निवासी रवि प्रकाश के कब्जे से केल्विन क्लाइन की तीन सौ जींस बरामद की।