उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मंडोली स्थित फैक्टरी में बुधवार शाम हुए दर्दनाक हादसे में लिफ्ट में फंसकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त सुमित (21) के रूप में हुई है। फैक्टरी में सामान ऊपर लाने -ले जाने के लिए बिना दरवाजे की अवैध लिफ्ट का इस्तेमाल किया जाता था। बुधवार शाम के समय सुमित सामान ऊपर ले जा रहा था। इस बीच वह दीवार और लिफ्ट के बीच दबकर बुरी तरह कुचल गया। सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर फैक्टरी मालिक विक्रम (34) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, सुमित परिवार के साथ प्रताप नगर-सबोली में रहता था। वह खसरा नंबर-543, मंडोली स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। फैक्टरी में ऑटो स्पेयर पार्ट्स की पैकिंग का काम होता है। फैक्टरी गगन विहार निवासी विक्रम नामक युवक की है। बुधवार शाम करीब 4.45 बजे वह फैक्टरी में लगी लिफ्ट से सामान ऊपर लेकर जा रहा था। इस बीच वह दीवार और लिफ्ट के बीच आ गया। सुमित के चिल्लाने की आवाज सुनकर वहां मौजूद बाकी मजदूर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सुमित लिफ्ट व दीवार के बीच बुरी तरह कुचल गया। चारों ओर खून के छींटे थे। मजदूरों ने उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरूआती जांच के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना दरवाजे जुगाड़ू लिफ्ट को अवैध रूप से चलाया जा रहा है। फैक्टरी परिसर को सील कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।