दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट होने से हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। इसका असर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर ज्यादा पड़ रहा है। इस मौसम ने हृदय रोगियों की समस्या भी बढ़ा दी है। बच्चों और बुजुर्गों को सर्दी से बचाना चाहिए वहीं हृदय रोगियों को सुबह की सैर से परहेज करना चाहिए।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के अध्यक्ष सह मूलचंद अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.के.के.अग्रवाल ने बताया कि ठंड के मौसम में हृदय रोगियों को खतरा बढ़ जाता है। सर्दी की वजह से ऑट्रिज में सिकुडन होने लगता है जिसकी वजह से हृदय में रक्त का प्रवाह प्रभावित होता है।
इसकी वजह से हृदय रोगियों की परेशानी बढ़ जाती है। हृदय रोगियों का ब्लड प्रेशर और पल्स बढ़ जाता है। इस मौसम में अत्यधीक शराब और सिगरेट पीने से भी मरीजों को दिक्कत होती है। हृदय रोगियों को जनवरी और फरवरी माह में अपने चिकित्सक से मिलकर दवा की डोज बढ़वा लेनी चाहिए। यही नहीं सुबह के समय सर्दी ज्यादा होती है लिहाजा सुबह की सैर से परहेज करना चाहिए।