प्रचंड गर्मी ने दिल्ली में कोहराम मचा रखा है। गर्मी में 24 घंटे में 33 लोगों की मौत हुई है। यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। पुलिस के पास अभी पांच जिलों का डेटा नहीं है। ज्यादातर पुलिस उपायुक्त का कहना है कि यह फुटपाथ व रैन बसेरों में रहने वाले लोग थे। शुरुआती जांच में पुलिस इनकी मौत का कारण गर्मी ही मान रही है। हालांकि यह भी कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी। उधर, दिल्ली के 38 अस्पतालों में हर रोज बेहोशी, उल्टी व चक्कर आने के 100 से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं।
नोट - पूर्वी जिला, द्वारका, पश्चिमी, मध्य और रोहिणी से मौत का आंकड़ा उपलब्ध नहीं।
गर्मी से मौत पर अकड़ जाते हैं हाथ-पैर
विशेषज्ञ के अनुसार, गर्मी से जो व्यक्ति मरता है उसके हाथ-पैर अकड़ जाते हैं। मुंह व नाक से खून निकलता है। अंदर से शरीर का अंदरूनी हिस्सा निकलना शुरू हो जाता है। पिछले 24 घंटे में जो शव मिले हैं, वह सब लावारिस हैं। किसी की पहचान नहीं हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है।