दिल्ली से काठमांडू जा रही एक निजी बस से शुक्रवार की रात नेपाल सशस्त्र पुलिस बल ने चेकिंग के दौरान बम बनाने वाली विस्फोटक सामग्री सहित अन्य सामान बरामद किया है। जिसे शनिवार को कैलाली जिला पुलिस कार्यालय के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल सामग्री लाने वाले का अभी पता नहीं चला है, जिसके बाद पुलिस ने बस कब्जे में ले ली है।
कैलाली जिले की डुडेझारी बेस कैंप सशस्त्र पुलिस बल के डीएसपी नेत्र केसी ने बताया कि शुक्रवार की रात भारत-नेपाल मैत्री बस दिल्ली से होकर बनबसा बॉर्डर से होते हुए काठमांडू जा रही थी। बेस कैंप के बाहर रात एक बजे जब बस की चेकिंग की गई तो उसमें से डेटोनेटर और तार बरामद हुआ।
इसके अलावा दो पीस लैपटॉप, रेडीमेड कपड़ा, हार्डवेयर सामान व बेल्टें बरामद की गई हैं। विस्फोटक सामग्री ले जाने वाले का कुछ पता नहीं चला है। जिसके बाद पुलिस ने बस को नवलपरासी में कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बरामद विस्फोटक सामग्री सहित अन्य सामान को कैलाली जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।