बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित रोलिंग मिल में बुधवार दोपहर मरम्मत के दौरान कोयले के मिक्सर में जोरदार धमाका हुआ।
आग की लपटें निकलीं, जिसमें 8 मजदूर बुरी तरह से झुलस गए। घायलों को सर्वोदय अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र बी-11 में एलएम स्टील नाम से रोलिंग मिल है, जिसमें लोहे के एंगल आदि बनाए जाते हैं। मिल को कविनगर निवासी संजय अग्रवाल चलाते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे कोयला मिक्सर प्लांट की मरम्मत का कार्य चल रहा था। मिक्सर में कोयले को बारीक पीसकर भट्टी में भेजने का काम किया जाता है।
मरम्मत के दौरान अचानक मिक्सर में जोरदार धमाका हुआ। आग की लपटें निकलीं, जिसमें 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इससे वहां खलबली मच गई।
एसएचओ अरुण कुमार ने बताया कि घायलों में साहिल (30), चंद्रदेव यादव(30), रवींद्र (30), रामनिवास (45), जमालुदीन (50), तिलकराम (28),सुनील (17) और गुरवींद्र सिंह (35) हैं। साहिल पिलखुवा, चंददेव यादव आजमगढ़, सुनील लालकुआं के हैं, जबकि तिलकराम, रवींद्र और गुरविंद्र सिंह पंजाब से मिक्सर सही करने आये थे।
गैस बनने से हादसे का अंदेशा
पुलिस ने बताया कि प्लांट पांच दिनों से बंद पड़ा था। पंजाब के कारीगर मरम्मत करने आए थे। माना जा रहा है कि प्लांट बंद होने के कारण कोयले के मिक्सर में गैस बन गई, जिस कारण उसमें से गैस निकली।
पहले भी हुए धमाके
कविनगर में बॉयलर फटा, एक की मौत, चार घायल
विजयनगर में बॉयलर फटा, एक की मौत, तीन जख्मी
मसूरी में लोहा गलाने की फैक्ट्री में विस्फोट, चार झुलसे
हिंडन विहार में गैस कैप्सूल में विस्फोट, तीन लोग मरे