दिल्ली का परिवहन विभाग शिक्षण संस्थानों में डीएल बनाने की योजना का विस्तार देने की योजना पर काम रहा है। चार शिक्षण संस्थानों के पायलेट प्रोजेक्ट के सकारात्मक परिणाम के बाद यह फैसला लिया गया है। इस बारे में सोमवार को विभागीय अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें इस योजना पर सहमति बनी है। अधिकारी हालांकि अभी शिक्षण संस्थानों की पहचान कर रहे हैं। लेकिन बताया जा रहा है दो अक्टूबर से योजना शुरू हो सकती है।
वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि दिल्ली सरकार डीटीयू व आईपीयू से जुड़े कालेज को योजना के दायरे में लाना चाहती है। लेकिन फिलहाल कुछ परेशानियां आ रही हैं। मसलन, डीटीयू के कॉलेजों व सेंटर पर छात्रों की संख्या कम है। वहीं, आईपीयू के ज्यादातर कॉलेज निजी हैं। जबकि नियमत: निजी कालेजों या शिक्षण संस्थानों में योजना नहीं चलाई जा सकती है। इस बारे में अगले सोमवार को फिर से बैठक बुलाई गई है, जिसमें इसका फैसला किया जाएगा।
गौरतलब है कि अभी शहीद सुखदेव कॉलेज ऑफ बिजनेस स्टडीज रोहिणी, आईटीआई पूसा, जीबी पंत इंजीनियरिंग कालेज और आचार्य नरेंद्र देव कॉलेज में इस तरह के सेंटर पॉयलेट प्रोजेक्ट के तहत चल रहे हैं।