काली कमाई से ‘कुबेर’ बने यादव सिंह के सहयोगी माने जाने वाले सीए मोहन लाल राठी और उसकी पत्नी मीनाक्षी राठी के नाम गाजियाबाद में तीन दुकानें मिली हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने मोहनलाल राठी की गाजियाबाद में रजिस्टर्ड प्रॉपर्टी का ब्यौरा मांगा था।
सर्किल रेट के हिसाब से इन दुकानों की कीमत 1.12 करोड़ रुपये है, जबकि इसके लिए सिर्फ 37 लाख रुपये का भुगतान किया गया। पिछले माह प्रवर्तन निदेशालय के सहायक निदेशक त्रिगुण बिसेन ने गाजियाबाद एआईजी स्टांप जीपी सिंह को पत्र भेजकर यादव सिंह की पत्नी कुसुमलता के एकाउंट में 50 लाख रुपये मंगवाने वाले सीए मोहन लाल राठी, उनकी पत्नी मीनाक्षी राठी, बेटा देवांश और बेटी तान्या राठी के नाम से गाजियाबाद में रजिस्टर्ड प्रॉपर्टी का ब्यौरा मांगा था।
एआईजी के आदेश पर इस मामले में जांच शुरू हुई तो कौशांबी के एक टॉवर में मोहन लाल राठी और उनकी पत्नी के नाम पर तीन दुकानें रजिस्टर्ड मिलीं।