गौतमबुद्ध नगर जिले में लाइसेंस की आड़ में अवैध शराब की भारी मात्रा में बिक्री पर एक ठेका संचालक और एक ठेका मालिक के खिलाफ जिला आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है।
बीते मंगलवार की रात आबकारी विभाग के अधिकारियों ने पुलिस के साथ लाइसेंस धारक (एफएल 2डी) के साइट-5 कासना स्थित गोदाम पर छापा मारा। वहां से करीब दो करोड़ रुपये की बियर बरामद की गई है।
आबकारी टीम ने मौके से एक आरोपी अनिकेत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में ठेका मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। ठेके का लाइसेंस महिला के नाम पर लिया गया है। गोदाम को सील कर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश बहादुर सिंह ने बताया कि अवैध शराब के व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर से सूचना मिल रही थी कुछ ठेका मालिक लाइसेंस की आड़ में अवैध शराब की बिक्री कर रहे हैं।
निरीक्षण में पाया गया कि चालू वित्त वर्ष में गोदाम पर बियर की कोई आमद नहीं हुई है। अंग्रेजी शराब की 240 बोतल की आमद हुई है, बिक्री के बाद 36 बोतलें बची थीं। उन्होंने बताया कि गोदाम की छत, पीछे की ओर बने कमरे में और सामने वाले कमरे से 1375 पेटियां बरामद हुई हैं, इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है।
पेटियों की गिनती करना आसान नहीं था, इसलिए जनपद के सभी आबकारी निरीक्षकों को मौके पर बुलाकर देर रात तक गिनती कराई गई। आबकारी विभाग में कोई शुल्क भी जमा नहीं किया गया है।
आबकारी विभाग की शिकायत पर कासना कोतवाली पुलिस ने अनुज्ञापी (ठेका मालिक) ऊषा देवी शर्मा व विक्रेता अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।