दिल्ली, हरियाणा, बिहार और चंडीगढ़ के युवाओं को ओएनजीसी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो बदमाशों को अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। गैंग का सरगना मर्चेंट नेवी का पूर्व अधिकारी नोएडा सेक्टर-137 निवासी नवीन कुमार उर्फ सिंह साहेब उर्फ कप्तान (38) है। उसने 2010 में नौकरी से इस्तीफा दिया था। उसके साथ नोएडा सेक्टर-70 निवासी हिमांशु सुमन (27) को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के पास से सरकारी विभागों की रबर स्टांप व अन्य कागजात बरामद किए गए हैं।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार ने बताया कि पिछले दिनों ओएनजीसी अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इस बीच हरियाणा के भिवानी निवासी संदीप ने ठगी की शिकायत की। जांच में पता चला कि नवीन कुमार ठग गिरोह का सरगना है। एसीपी अनिल दुरेजा, इंस्पेक्टर सत्यवान लठवाल की टीम ने 11 जुलाई को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास से उसे दबोच लिया।
उसके पास एटीएम कार्ड, कई मंत्रालयों के फर्जी स्टांप व अन्य कागजात बरामद किए गए। नवीन की निशानदेही पर पुलिस ने एक और आरोपी हिमांशु को भी 12 जुलाई को ही दबोच लिया। हिमांशु ने बताया कि वह नवीन को गाड़ी व रहने का स्थान उपलब्ध कराता था। कोर्ट में पेश करने के बाद नवीन को सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।