नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-73 के निवासियों को राहत देने का निर्णय लिया है। प्रत्येक फ्लैटों की कीमत में 60 हजार रुपये की कमी की जाएगी।
सोमवार को ईडब्ल्यूएस आवंटियों ने प्राधिकरण के डीसीईओ अखिलेश सिंह से मुलाकात की। डीसीईओ ने इन आवंटियों को 60 हजार रुपये कम करने का आश्वासन दिया है। 2006-07 की इस योजना के तहत कुल 1235 आवंटियों को फ्लैट मिले हैं।
जिस समय योजना निकाली गई थी, उस समय कीमत 2.50 लाख रुपये थी, मगर आवंटन और निर्माण की मौजूदा दरों के हिसाब से भूतल पर फ्लैट की कीमत में 3.19 लाख, प्रथम तल पर 2.90, द्वितीय तल पर 2.52 और तृतीय तल पर 2.23 लाख रुपये का इजाफा हो गया है। आवंटी लगातार इसका विरोध कर रहे थे, जिसके चलते प्राधिकरण ने यह निर्णय लिया है।
जमीन कब्जाने वालों को प्राधिकरण भेजेगा नोटिस
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ सेक्टरों में बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए प्राधिकरण ने तैयारी शुरू कर दी है। प्राधिकरण के एसीईओ पीके अग्रवाल ने वर्क सर्किल नौ व दस के अधिकारियों को पत्र लिखकर इसे रोकने का निर्देश दिया है।
प्राधिकरण की जमीन को चिह्नित कर सूची बनाने को भी कहा है। अगर इस जमीन पर अतिक्रमण है तो कब्जाने वालों को नोटिस भेजने और कब्जा न हटाने पर तोड़े जाने का निर्देश दिया है।
औद्योगिक भूखंडों का ड्रॉ और खिसका
नोएडा में औद्योगिक भूखंडों का ड्रॉ और खिसक सकता है। प्राधिकरण ने चार जनवरी तक ड्रॉ की संभावना जताई थी, मगर सीईओ के शहर से बाहर होने के कारण स्वीकृति नहीं मिल सकी।
इसके चलते अब सात या आठ जनवरी तक ड्रॉ होने के आसार हैं। इसकी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, सिर्फ सीईओ की स्वीकृति का इंतजार है। कुल 65 भूखंडों के लिए करीब तीन हजार आवेदकों के बीच ड्रॉ होना है।