नगर निगम की लापरवाही से शहर के विभिन्न हिस्सों में खुले मेनहोल हादसों को न्योता दे रहे हैं। बावजूद इसके निगम अधिकारी इसे लेकर गंभीर नहीं हैं। कर्मचारी काम करने के बाद मेनहोल का ढक्कन खोलकर चलते बनते हैं और उसे बंद करना भूल जाते हैं।
निगम की इसी लापरवाही के चलते बृहस्पतिवार की रात पल्ला मंगलवार सब्जी मंडी के पास खुले मेनहोल में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। इसके पहले भी सेक्टर-21 के पास एक मेनहोल में बच्चा गिर गया था जिसे लोगों ने बड़ी मुश्किल से बचाया था। इसके बाद भी निगम लापरवाह बना हुआ है।
हर बार हादसों के बाद नगर निगम के अधिकारी खुले मेनहोल बंद कराने का आश्वासन देते हैं और भूल जाते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखा जा रहा है। निगम के मुख्य अभियंता ओपी गोयल का कहना है कि जल्द ही सर्वे करा सभी खुले मेन होल को बंद करा दिया जाएगा।
वहीं, बृहस्पतिवार देर रात पल्ला में जहां हादसा हुआ था वहां स्थानीय लोगों ने खुद ही मेनहोल को अस्थायी रूप से बंद किया, ताकि कोई और हादसे का शिकार न हो। सीवेज जाम की समस्या होने पर निगम के सफाई कर्मचारी अलग-अलग स्थानों पर जाते हैं और सफाई के बाद उसे बंद करना भूल जाते हैं। यही हादसे का कारण बनता है।
वर्तमान में बीके चौक के पास सर्विस लेन, सेक्टर-21सी मंदिर के पास, डबुआ कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, हार्डवेयर सोहना रोड, प्याली रोड समेत पूरे हाईवे पर जगह-जगह मेन होल खुले हुए हैं।
सर्वे कराने की कर रहे बात
निगम अधिकारी अब खुले पड़े मेनहोल का सर्वे करा उसे जल्द बंद कराने की बात कह रहे हैं। निगम के मुख्य अभियंता ओपी गोयल का कहना है कि ज्यादातर क्षेत्रों में खुले मेनहोल बंद हैं।
फिर भी यदि किसी इलाके में होल खुले हुए हैं तो उनका एक दो दिन में सर्वे करा बंद करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कहीं मेन होल खुला हुआ दिखाई दे तो वह निगम के टोल फ्री नंबर 18004190219 पर सूचना दे सकता है।
हाईवे हुआ ज्यादा खतरनाक
लापरवाही केवल नगर निगम ही नहीं बरत रहा है, बल्कि इस मामले में एनएचएआई भी आगे है। दिल्ली-आगरा हाईवे पर चल रहा हाईवे चौड़ीकरण का काम लोगों के लिए आफत बन गया है। जगह-जगह खुदाई कर गड्ढे कर दिए गए हैं। हाईवे पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर मेनहोल बनाए गए हैं, जो खुले हुए हैं। रोजाना इनसे हादसों का खतरा बढ़ रहा है। रात में हाईवे पर अंधेरे की वजह से स्थिति और ज्यादा चिंताजनक हो जाती है।
कब कब हुए हादसे
10 अक्तूबर 2015: राजीव कॉलोनी में मेनहोल में गिरकर दो साल की बच्ची की मौत।
10 अक्तूबर 2014: सेक्टर छह में मेनहोल में गिरकर एक व्यक्ति की मौत।
24 अक्तूबर 2013: भारत कालोनी में मेनहोल में गिरकर बच्ची की मौत।
08 सितंबर 2009: बाटा चौक पर खुले मेनहोल में गिरा बाइक सवार।