अपोलो अस्पताल से हरकेश नगर सिग्नल
यह सड़क मथुरा रोड हाईवे का हिस्सा है। इस पर अंतरराजीय और फरीदाबाद, बदरपुर, सरिता विहार, नोएडा से आने वाला ट्रैफिक एक साथ जमा होता है। इस कारण यहां वाहनों का भारी प्रवाह होता है और सड़क संकरी हो जाती है। इसके अलावा, यहां सर्विस रोड को पुलिस ने कई साल से बंद कर रखा है। इस कारण छोटे वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है और ट्रैफिक प्रबंधन नहीं किया जाता। इसके अलावा हरकेश नगर ट्रैफिक सिग्नल पर हमेशा जाम होता है। यहां सड़क पार करने के लिए न कोई सब-वे है और न ही कोई फुट ओवर ब्रिज। इस कारण स्थानीय लोग ट्रैफिक के बीच से सड़क पार करते हैं और इससे जाम लगता है। यहां लोग अक्सर हादसों का शिकार भी होते हैं।
ओखला मोड़ से आश्रम चौक
यहां पर मथुरा रोड का भारी ट्रैफिक होता है। इसमें जामिया व ओखला से आने वाला ट्रैफिक भी मिल जाता है। इसके अलावा मोदी मिल फ्लाईओवर से आने वाला ट्रैफिक भी इसमें मिल जाता है। इस कारण यहां जाम लगता है। यहां यातायात पुलिस की तैनाती अक्सर नहीं होती। इससे थोड़ा आगे ही फ्रेंड्स कॉलोनी तिराहा है और यहां पर एक बार फिर सारा ट्रैफिक जाम हो जाता है। इसके आगे आश्रम चौक पर फ्लाईओवर होने के बाद भी जाम लगता है। इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ पीके वत्स ने इस संबंध में कहा कि उन्हें राजधानी की हर सड़क पर हो रहे निर्माण कार्य की जानकारी नहीं हो सकती। इस संबंध में मुख्य अभियंता दक्षिणी जोन राजीव यदुवंशी से बात करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया। यातायात पुलिस के एसीपी दक्षिण पूर्व से भी संपर्क नहीं हो पाया।