जिला अस्पताल में अब हर सोमवार निशुल्क लेग ब्रेसेस मिलेंगे। जरूरत के मुताबिक पैरों को सपोर्ट करने के लिए इनमें जूता भी होगा। बाजार में इनकी कीमत 400 रुपये से शुरू होकर हजारों में होती है।
डॉक्टरों के मुताबिक टेढ़े मेढे़ पैरों को सही करने में ब्रेसस काफी मददगार साबित होते हैं। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक एक स्वयंसेवी संस्था यह ब्रेसेस मरीजों को देगी, जिसके लिए संस्था ने शासन से अनुमति ले ली है।
सीएमएस डॉ. नागेंद्र मोहन माथुर ने बताया कि टेढ़े मेढ़े पैर की परेशानी से पीड़ित बच्चों के पैर में प्लास्टर किया जाता है। प्लास्टर खुलने के बाद लेग ब्रेसेस पहनना जरूरी हैं।
अस्पताल में लेग ब्रेसेस की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में प्लास्टर खुलने के बाद धीरे धीरे पैर फिर पहले जैसी अवस्था में आ जाते हैं। क्योर इंडिया संस्था हर सोमवार को ऐसे बच्चों को लेग ब्रेसेस देगी।
मरीजों के परिवारों की काउंसलिंग की जाएगी। साथ ही उन परिवारों के मोबाइल नंबर और डाटा तैयार करेगी। संस्था मरीजों का उनके घर पर फॉलोअप भी करेगी कि मरीज लेग ब्रेसेस पहन रहे हैं या नहीं।
अस्पताल की पहली मंजिल स्थिति सर्जरी विभाग में सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक यह सेवा इस आने वाले सोमवार से शुरू कर दी जाएगी।