राजधानी में सम-विषम फॉर्मूला के ट्रायल में कानून का उल्लंघन करने पर दो हजार रुपये का चालान होगा, लेकिन कार जब्त नहीं की जाएगी। चालान दिन में एक ही बार होगा।
यह फैसला परिवहन मंत्री गोपाल राय और पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी के बीच हुई बैठक में लिया गया है। दोनों ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि समन्वय से कानून लागू कराएंगे। सिविल डिफेंस वालंटियर्स को बुधवार को छत्रसाल स्टेडियम में ट्रैफिक पुलिस अधिकारी प्रशिक्षण देंगे। परिवहन मंत्री गोपाल राय ने बताया कि वाहन जब्त किए जाने पर भी चर्चा हुई, लेकिन वाहन जब्त करने का अधिकार कानून में अभी नहीं है।
साथ ही पूरे अभियान के समन्वय की जिम्मेदारी परिवहन आयुक्त परिमल राय, मंडलायुक्त ए एनबरासू और ट्रैफिक पुलिस के विशेष आयुक्त मुक्तेश चंदर को सौंपी गई है।