संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। ईपीएस 95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति ने बुधवार को न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह, महंगाई भत्ता और पेंशनर दंपतियों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा देने की मांग को लेकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद प्रदर्शन में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी शामिल हुए। साथ ही, प्रदर्शन में कई सांसद भी पहुंचे और पेंशनर्स की मांगों का समर्थन किया। इनमें शिरडी के सांसद भाऊसाहेब वाकचौरे, ठाणे के सांसद नरेश म्हस्के, कल्याण के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे और मावल के सांसद अप्पासाहेब वारने शामिल रहे। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक राऊत ने बताया कि पिछले 10 सालों से पेंशनर्स शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठा रहे हैं, लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया। उन्होंने बताया कि अब पेंशनर्स का धैर्य खत्म हो रहा है।