अट्टा मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश सोमवार शाम से बंद कर दिया गया। ई-रिक्शा, ऑटो, कैब सहित अन्य व्यावसायिक वाहन की अट्टा पीर से अट्टा अंडरपास के बीच आवाजाही नहीं कर सकेंगे।
अगले आदेश तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। एंट्री प्वाइंट पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की तरफ मोड़ना शुरू कर दिया। जिससे अट्टा मार्ग पर जाम की समस्या से लोगों को खासी राहत मिली।
अट्टा और सेक्टर-18 बाजार आमने-सामने है। इन दोनों बाजारों के बीच से गुजर रहे अट्टा मार्ग पर अक्सर जाम जैसे हालात बने रहते हैं। भारी वाहनों का इस मार्ग पर प्रवेश पहले ही प्रतिबंधित है। दिवाली के आसपास बाजार में चहलकदमी बढ़ जाती है।
पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीड़ से जाम और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अट्टा मार्ग पर सोमवार शाम 5 बजे से व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
अट्टा अंडरपास के ऊपर से व्यावसायिक वाहनों को जीआईपी के सामने होते हुए फिल्मसिटी फ्लाईओवर की ओर डायवर्ट किया जाने लगा है। यहां से यू-टर्न लेकर वाहन डीएलएफ मॉल के पीछे से सेक्टर-17 होकर अट्टा पीर चौराहे पर पहुंच रहे हैं।
अट्टा पीर चौराहे से अट्टा अंडरपास, सेक्टर-28 व बॉटेनिकल गार्डन की ओर जाने वाले वाहनों को बायीं ओर मोड़ते हुए सेक्टर-27 के रास्ते एलिवेटेड रोड की ओर से जाने का विकल्प अपनाने के लिए कहा गया है।
मेट्रो यात्रियों को पहले सेक्टर-18 स्टेशन के नीचे से ई-रिक्शा व ऑटो मिल जाते थे लेकिन अब इसके लिए जीआईपी मॉल, विनायक अस्पताल, सेक्टर-28 आदि की तरफ जाना पड़ रहा है।