डीडीए ने उत्सव सीजन ऑफर के तहत दी छूट, पहले 1000 सदस्यों के लिए सीमित अवधि का विशेष ऑफर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डीडीए (दिल्ली विकास प्राधिकरण) ने गोल्फ प्रेमियों के लिए एक खास उत्सव सीजन ऑफर की घोषणा की है। इसके तहत द्वारका गोल्फ कोर्स (सेक्टर-24) में सभी श्रेणियों की टेन्योर मेंबरशिप और ग्रीन फीस पर 40 फीसदी छूट दी जा रही है। यह ऑफर सीमित अवधि के लिए है और पहले 1000 सदस्यों के लिए पहले आओ, पहले पाओ, के आधार पर उपलब्ध होगा।
डीडीए के अनुसार योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों के लिए तीन साल की मेंबरशिप अब 1.20 लाख और पांच साल की मेंबरशिप 1.80 लाख रुपये में मिलेगी। गैर-सरकारी सदस्यों के लिए यह शुल्क 3.60 लाख (3 साल) और 5.40 लाख (5 साल) के लिए निर्धारित किया गया है। द्वारका के सेक्टर-24 में स्थित यह 18-होल गोल्फ कोर्स 7377 गज में फैला है और 158 एकड़ में विशाल हरित क्षेत्रों के साथ देश का सबसे लंबा गोल्फ कोर्स है।