अगले हफ्ते दिवाली के मौके पर बैंक लगातार पांच दिन बंद रहेंगे। दिवाली की छुट्टियां बुधवार से शुरू हो रही हैं। हालांकि दिवाली की तीन दिन ही छुट्टी रहेगी लेकिन माह का दूसरा शनिवार होने और रविवार की छुट्टी के चलते बैंक नहीं खुलेंगे।
इसलिए ग्राहक बैंक से संबंधित जरूरी कामकाज सोमवार और मंगलवार तक निपटा लें।
अगला हफ्ते छुट्टियां ही छुट्टियां हैं। बैंकों के साथ सरकारी विभाग भी पांच दिन तक बंद रहेंगे। संभावना यह भी है कि लगातार छुट्टियों के कारण एटीएम भी खाली हो जाएं।
इलाहाबाद बैंक के एजीएम जेएस संधू ने बताया कि बैंक बंद होने पर सबसे ज्यादा दिक्कत होगी। छुट्टियों का दौर बुधवार से शुरू होगा। इसके बाद बृहस्पतिवार को गोवर्धन पूजा, शुक्रवार को भैयादूज की छुट्टी रहेगी।
अगले दिन माह का दूसरा शनिवार होने की वजह से छुट्टी रहेगी। फिर अगले दिन रविवार को भी छुट्टी होगी। लगातार छुट्टी रहने से व्यापारियों का कामकाज प्रभावित होगा।
करोड़ों के चेक क्लीयरेंस में अटक जाएंगे। एटीएम भी खाली हो जाएंगे। इसलिए ग्राहक सोमवार और मंगलवार को अपना कामकाज निपटा सकते हैं।
रसोई गैस का पांच दिन का बैकलॉग
दिवाली पर रसोई गैस की किल्लत हो रही है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जामनगर से आ रही पाइप लाइन की मेंटेनेंस के कारण प्लांट पर पूरी गैस नहीं पहुंच पा रही है।
जिसके कारण 15 से 20 प्रतिशत तक सिलेंडर की सप्लाई कम हो रही है। बुकिंग के चार से पांच दिन बाद सिलेंडर की डिलीवरी हो रही है।