इस दौरान बदमाशों से महिला से लैपटॉप लूटने की भी कोशिश की, लेकिन दंपति करीब 10 मिनट तक बदमाशों से जूझता रहा। उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन उसने लोहे के छल्ले से हमलाकर इंजीनियर आलोक को घायल कर दिया। इसके बाद बाइकर्स फरार हो गए। इस दौरान लोग तमाशबीन बने रहे। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
मयूर विहार फेज-1, दिल्ली निवासी आलोक यादव (32) और उनकी पत्नी संजू (28) नोएडा स्थित एक मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार दोपहर करीब दो बजे दोनों ऑफिस से निकले।
आलोक ने पुलिस को बताया कि उनकी कार फोर्टिस हास्पिटल के सामने सर्विस लेन पर खड़ी थी। वह और संजू कार की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और संजू को धक्का देकर उसके हाथ से लैपटॉप का बैग लूटने की कोशिश की।
संजू के जमीन पर गिरते ही एक बदमाश ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। इस दौरान बाइक पर बैठे दूसरे बदमाश ने दंपति को जान से धमकी दी, लेकिन इसकी परवाह न करते हुए संजू और आलोक ने एक बदमाश को दबोच लिया।
इस पर बदमाश ने लोहे के छल्ले से आलोक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके का फायदा उठाकर बदमाश फरार हो गए। संजू ने आलोक को हॉस्पिटल पहुंचाया।