- संयुक्त बैठक में फैसला, अवैध कब्जों और नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की ओर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए आयोजित संयुक्त बैठक में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रवेश और निकास द्वारों पर अवैध कब्जे और अव्यवस्थित गतिविधियां यातायात बाधित कर रही हैं, जिन्हें हटाना जरूरी है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बैठक में दिल्ली मंडल, ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने की। इस दौरान अजमेरी गेट की ओर यातायात को सुचारू बनाने और यात्रियों की आवाजाही को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने निर्णय लिया कि प्रवेश और निकास बिंदुओं पर अवैध विक्रेताओं और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। सभी एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्रवाई करेंगी, ताकि स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में यह भी तय हुआ कि क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि इन कदमों से अजमेरी गेट पर जाम की समस्या कम होगी और लोगों को सुगम व सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
इस मौके पर बैठक में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आशुतोष पांडे, डीसीपी यातायात निशांत गुप्ता, अतिरिक्त डीसीपी-1 मध्य जिला ऋषि कुमार, दिल्ली नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार तथा जीआरपी एसीपी संजय भारद्वाज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।