मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण करते अधिकारी और अस्पताल में घायल बदमाश
- फोटो : अमर उजाला
सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से करीब 10 गोलियां चलीं। एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि देर रात वाहन चेकिंग के दौरान होंडा सिटी कार आती दिखी तो उसे चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया। बदमाश कार को लेकर सेक्टर-14ए स्थित शनि मंदिर की ओर पुस्ते पर भाग निकले। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर की तो पुलिस ने भी जवाबी फायर किया। पुलिस के गोली चलाते ही बदमाश कार छोड़कर भागने लगे। इसमें खोड़ा कॉलोनी निवासी राजेंद्र के पैर में पुलिस की गोली लगी।
उसके साथी सेक्टर-8 निवासी सुनील और दिल्ली के अशोक नगर निवासी विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना सेक्टर-20 के एसएचओ मनोज कुमार पंत ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से होंडा सिटी कार, एक पिस्टल, दो तमंचे, एक मोबाइल फोन और 24 कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की जांच में पता चला कि होंडा सिटी कार चोरी की है। अपराधियों का इतिहास खंगाला जा रहा है।