- एनआईटी मेघालय को मिला वर्ष का श्रेष्ठ संस्थान पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। स्कोप कन्वेंशन सेंटर में सोमवार को इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के 18वें औद्योगिक उत्कृष्टता शिखर सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस दौरान पुरस्कार समारोह और 5वें इंजीनियरिंग शिक्षा उत्कृष्टता शिखर सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें उद्योग, शिक्षा और सरकारी क्षेत्र के विशेषज्ञों ने चर्चा की। कार्यक्रम की थीम भारत की वैश्विक इंजीनियरिंग पहचान: तकनीक, प्रतिभा और भरोसा रही।
सुबह के सत्र में केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी मुख्य अतिथि रहे, जबकि शाम को आयोजित पुरस्कार समारोह में मिजोरम के राज्यपाल और पूर्व सैन्य अधिकारी जनरल वीके सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उद्घाटन सत्र में शलभ गोयल, लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह और डॉ. अंजू राठी राणा ने विचार रखे। इस अवसर पर स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
सम्मेलन में तीन पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं, जिनका संचालन डॉ. आलोकनाथ डे ने किया। दूसरा सत्र शिक्षा जगत और विकसित भारत की दिशा पर केंद्रित रहा। इसमें डॉ. संदीपान नारोटे ने विचार रखे। एनआईटी मेघालय, जेएसएस पॉलिटेक्निक और श्री विष्णु इंजीनियरिंग कॉलेज फॉर विमेन के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इसके बाद गौरव अग्रवाल और डॉ. डे के बीच अनौपचारिक बातचीत हुई।
समारोह के अंत में विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। एनआईटी मेघालय को वर्ष का श्रेष्ठ संस्थान का पुरस्कार मिला। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स, होल्टेक कंसल्टिंग और एयरोस्पेस इंजीनियर्स को प्लेटिनम श्रेणी में विजेता चुना गया। इसके अलावा 46 अन्य संगठनों और संस्थानों को प्रशस्ति पुरस्कार प्रदान किए गए।